home page

यूपी भाजपा के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने बलिया में की संगठनात्मक बैठक, जमीनी हकीकत परखी

 | 
यूपी भाजपा के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने बलिया में की संगठनात्मक बैठक, जमीनी हकीकत परखी


बलिया, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने सोमवार को बलिया में जिला कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान जनपद के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों तथा मंडल अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, आपसी समन्वय स्थापित करने तथा आगामी चुनावों में पार्टी की तैयारियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। प्रदेश सह प्रभारी ने पदाधिकारियों से संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली और चुनावी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही सोशल मीडिया एवं आईटी सेल की भूमिका, पार्टी की नीतियों और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में वर्ष 2022 एवं 2024 के चुनावों में पार्टी के लिए कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के योगदान और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों पर भी मंथन किया गया। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा का बलिया का यह प्रवास आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी तैयारियों को धार देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, दानिश आजाद अंसारी, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ल, अरजीत सिंह, प्रेमचंद मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा समेत जनपद के सभी पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्ष शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी