हाईवे पर खड़े वाहन से टकराई बाइक, युवक की मौत
मीरजापुर, 05 मार्च (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के बरौधा चौकी अंतर्गत महुअट गांव के पास गुरुवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सहजी गांव निवासी 26 वर्षीय रंजीत पांडेय पुत्र विजय शंकर पांडेय अपने भाई संदीप पांडेय को बाइक से मध्यप्रदेश के हनुमना बाजार छोड़ने गए थे। दोपहर में घर लौटते समय मीरजापुर–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर महुअट गांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हाईवे की पटरी पर खड़े अज्ञात वाहन में उनकी बाइक पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि गंभीर रूप से घायल रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर बरौधा चौकी प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए शव को घर ले गए।
चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन से टकराने के कारण युवक की मौत हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में होली की खुशियां मातम में बदल गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

