home page

रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत

 | 
रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत


बिजनौर, 20 मई (हि.स.)। बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के बकली फाटक के पास लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान नजीबाबाद थाना क्षेत्र के पूरनपुर गढ़ी गांव निवासी कविता देवी (पत्नी जितेंद्र सिंह) के रूप में हुई है। बताया गया कि कविता देवी पिछले कई सालों से अपनी ननद के पास एक मकान में रह रही थीं। यह घटना देर रात उस समय हुई जब कविता देवी बकली फाटक से कुछ आगे रेलवे ट्रैक पर पहुंचीं। इसी दौरान वहां से गुजर रही लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं। ट्रेन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि मृतका के चार बच्चे हैं। इस घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र