home page

जिलाधिकारी जसजीत कौर पैदल चलकर पहुंची कार्यालय, फरियादी के पूछने पर दिया बचत और फिटनेस दुरुस्त रखने का जवाब

 | 
जिलाधिकारी जसजीत कौर पैदल चलकर पहुंची कार्यालय, फरियादी के पूछने पर दिया बचत और फिटनेस दुरुस्त रखने का जवाब


बिजनौर, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और ईंधन बचाने का संदेश देने के लिए बुधवार को अपने घर से दफ्तर और दफ्तर से घर तक का सफर पैदल तय किया। तेज गर्मी के बावजूद वह अपने स्टाफ के साथ छाता लेकर पैदल चलती नजर आईं और रास्ते में लोगों की फरियादें भी सुनीं।

जिलाधिकारी जसजीत कौर सुबह 10 बजे अपने आवास से सुरक्षा कर्मियों के साथ पैदल ही कार्यालय पहुंचीं। दोपहर एक बजे वह कलेक्ट्रेट स्थित अपने दफ्तर से एक हाथ में छाता और दूसरे हाथ में कुछ कागजात लेकर तपती धूप में अपने सरकारी आवास के लिए निकलीं। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी और अन्य स्टाफ कर्मचारी भी उनके साथ थे।

कलेक्ट्रेट परिसर में ही उन्हें एक बुजुर्ग महिला और एक युवक खड़े मिले, जिनकी फरियाद उन्होंने सड़क पर ही सुनी और निस्तारण के निर्देश दिए। एक व्यक्ति ने पूछा कि आप पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण पैदल चल रही हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि फिटनेस का भी ख्याल रखना है और आगे बढ़ गईं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र