home page

बिजनौर : बोरे में छिपे सांप के डसने से महिला की मौत

 | 
बिजनौर : बोरे में छिपे सांप के डसने से महिला की मौत


बिजनौर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना मण्डावर क्षेत्र अंतर्गत एक गाँव में रविवार को भूसे के बोरे में छिपे जहरीले सांप ने पशुओं को चारा डालने आई महिला को डस लिया। इस जानकारी पर परिजनों ने महिला को पहले नीम हकीम से दवाई पिलाई, लेकिन हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मृत्यु हो गई।

जानकारी के मुताबिक, खैरपुर शहवाजपुर ग्राम निवासी सुरेश की पत्नी रेखा (60) रविवार सुबह करीब छह बजे अपनी चारा मशीन के पास पशुओं को चारा डालने गई थीं। वहां भूसे के बोरे में छिपे जहरीले कोबरा सांप ने महिला को डस लिया। सांप के डसने की जानकारी पर परिजन महिला को तुरंत दवाई पिलाने वाले नीम हकीम के पास ले गए और इलाज करवाया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

वन विभाग क्षेत्राधिकारी महेश गौतम ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अधिक सक्रिय हो जाते हैं और अक्सर आबादी क्षेत्र में दिखाई देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के डसने या काटने पर किसी भी झाड़-फूंक, नीम हकीम या पारंपरिक इलाज पर निर्भर न रहें। मरीज को तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराना चाहिए, ताकि समय रहते जान बचाई जा सके। उन्होंने बताया कि पीलीभीत से आई वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में गुलदार और सांपों के बारे में लोगों को जागरूक करने में लगी हुई है। अधिकारियों ने बारिश के मौसम में सावधानी बरतने और सांप दिखने पर वन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र