home page

प्रेम विवाह करने वाले युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव

 | 
प्रेम विवाह करने वाले युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव


बिजनौर,14 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के सादात नगर उर्फ डूंडाखेड़ी गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अंकुल सैनी के रूप में हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक एक दिन पहले ही प्रेम विवाह कर गांव लौटा था। अचानक हुई इस मौत ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह गांव के पास पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही इलाके में भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद नहटौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, अंकुल सैनी का गांव की ही एक विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों गांव छोड़कर हरिद्वार चले गए थे, जहां उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, महिला ने अपने पहले पति को छोड़कर अंकुर के साथ रहने का फैसला किया था। दोनों बुधवार को ही गांव वापस लौटे थे। इसके अगले ही दिन अंकुर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। घटना के बाद गांव में लोग इसे आत्महत्या और साजिश दोनों एंगल से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से जांच कर रही है।

कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी युवक की मौत को लेकर स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी ।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र