home page

तीन दिन से लापता वृद्ध अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल में मिला, अस्पताल ले जाते समय तोड़ दिया दम

 | 
तीन दिन से लापता वृद्ध अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल में मिला, अस्पताल ले जाते समय तोड़ दिया दम


बिजनौर, 26 अप्रैल (हि.स.)। जनपद बिजनौर के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। तीन दिन से लापता 68 वर्षीय अख्तियार हुसैन रविवार सुबह जंगल की झाड़ियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। आशंका है कि उन पर किसी वन्यजीव ने हमला किया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है|

जसपुर के रामनगर वन निवासी अख्तियार हुसैन शुक्रवार दोपहर वन क्षेत्र के समीप स्थित एक मजार पर गए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रातभर इंतजार के बाद अगले दिन उनकी तलाश शुरू की गई।

गांव हजीरों फार्म स्थित गुरुद्वारे के सीसीटीवी कैमरों में अख्तियार हुसैन को अमानगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर जाते हुए देखा गया। यही फुटेज परिजनों के लिए एक अहम सुराग साबित हुई, जिसके आधार पर खोजबीन तेज की गई।

परिजनों की सूचना पर वन विभाग हरकत में आया। रेंज अधिकारी के निर्देश पर वन दरोगा और कर्मचारियों की टीम ने पतरामपुर और अमानगढ़ क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। ग्रामीण भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

रविवार की सुबह अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के कंपार्टमेंट-17 में वाटर हॉल के पास झाड़ियों में अख्तियार हुसैन गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। उन्हें देखकर परिजनों के होश उड़ गए। शरीर पर चोटों के निशान वन्यजीव हमले की आशंका व्यक्त कर रहे थे|

वन विभाग ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। घायल वृद्ध को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही अख्तियार हुसैन ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो मौत के वास्तविक कारणों से पर्दा उठाएगी। यदि वन्यजीव हमले की पुष्टि होती है, तो यह घटना क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती चुनौती को फिर उजागर करेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि पाेस्टमार्टम रिपाेर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र