झूठे आरोपों से परेशान ग्रामीणों ने थाना घेरते हुए की निष्पक्ष जाँच की मांग
बिजनौर, 21 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम फुलसंदा गंगदास में तनाव की स्थिति के बीच गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नहटौर थाने पहुंचे। ग्राम प्रधान फसाहद अहमद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से झूठे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। यह मामला गांव के चार युवाओं पर कथित फायरिंग की झूठी शिकायत से जुड़ा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति आए दिन गांव के युवाओं को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश करता है। इसी क्रम में, दो दिन पहले उस व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि गांव के चार युवाओं ने कथित तौर पर फायरिंग की है।
ग्राम प्रधान और उपस्थित ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वे चारों युवक मुंबई जाने वाली ट्रेन में सफर कर रहे थे और वे गांव में मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों का दावा है कि इन युवाओं को सोची-समझी साजिश के तहत झूठा फंसाया जा रहा है।
इस झूठी शिकायत से आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना परिसर में एकजुट होकर पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। उनका कहना है कि निर्दोष युवाओं के खिलाफ की गई इस प्रकार की शिकायतें गांव का माहौल खराब कर रही हैं, इसलिए मामले की सही सच्चाई सामने आनी चाहिए।
कोतवाल रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

