कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को बाइक ने मारी टक्कर, एक की मौत
बिजनौर, 15 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के अफजलगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित गांव माननगर के पास शुक्रवार देर शाम कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर गावड़ी निवासी लक्ष्मी (20) पुत्री सतीश और सलोनी (22) पुत्री नरेंद्र कुमार शुक्रवार को गांव माननगर स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ने गई थीं। देर शाम करीब सात बजे दोनों पैदल अपने गांव लौट रही थीं। बताया गया कि गांव माननगर से आगे पहुंचते ही भूतपुरी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। सड़क हादसा इतना जबरदस्त था कि लक्ष्मी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सलोनी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल छात्रा को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया। उधर थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपित बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

