home page

नहर की पुलिया में अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी

 | 
नहर की पुलिया में अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी


बिजनौर, 14 मई (हि.स.)। जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र में एक नहर की पुलिया में अज्ञात व्यक्ति का शव फंसा मिला। गुरुवार सुबह हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ग्राम बालपुर अखेड़ा के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे कुछ ग्रामीण नहर के किनारे से गुजर रहे थे। उन्होंने पुलिया के पास पानी में एक शव अटका हुआ देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद नहटौर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर नहटौर थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष प्रतीत होती है। शव कई दिन पुराना लग रहा है और ऐसा अनुमान है कि यह कहीं दूर से पानी के बहाव में बहकर आया और पुलिया में फंस गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को सील किया और पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर जिला अस्पताल भेज दिया है।

थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फिलहाल इस मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में लापता हुए व्यक्तियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है ताकि शव की पहचान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र