home page

बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने बीएचयू के विद्यार्थियों और शिक्षकों से की मुलाकात

 | 
बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने बीएचयू के विद्यार्थियों और शिक्षकों से की मुलाकात


—जदयू के वाराणसी जिला कार्यालय का किया उद्घाटन, एक नवंबर के कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों पर मंथन

वाराणसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने गुरुवार को अपने वाराणसी प्रवास के दौरान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के मौजूदा दौर में सफलता हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और निरंतर प्रयास का मंत्र दिया। इसके बाद उन्होंने कचहरी के निकट जिला जेल रोड स्थित जदयू के जिला कार्यालय का उद्घाटन किया और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की।

-विद्यार्थियों को दिया मेहनत और लक्ष्य निर्धारण का संदेश

बीएचयू में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे में सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के प्रति गंभीर रहना होगा। स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के साथ अनुशासन और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने और अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बिहार से आकर बीएचयू में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास से भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सकती है। इस दौरान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) में अध्ययनरत बिहार के कई विद्यार्थी उनसे मिलने पहुंचे। आईआईटी-बीएचयू के मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने मंत्री से मुलाकात की। इस अवसर पर विद्यार्थियों और मंत्री के बीच शैक्षिक एवं भविष्य से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ।

-शिक्षा और बालिका सशक्तीकरण पर दिया जोर

मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई साइकिल योजना जैसी पहलों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी योजनाओं ने बालिकाओं की शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और समतामूलक विकास किसी भी समाज की प्रगति के लिए आवश्यक हैं। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब शिक्षा और अवसर समाज के सभी वर्गों तक पहुंचें तथा प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।

-जदयू के जिला कार्यालय का उद्घाटन

बीएचयू में मुलाकात के बाद श्रवण कुमार ने कचहरी के निकट जिला जेल रोड स्थित जदयू के वाराणसी जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद शगुन लाल भट्टी में आयोजित बैठक में उन्होंने उत्तर प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। बैठक में आगामी एक नवंबर 2026 को कोरौता स्थित रामलीला मैदान में प्रस्तावित जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, जनसंपर्क अभियान को गति देने और पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक में उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ समन्वय के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने सम्मेलन की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार साझा किए।

कई पदाधिकारी और शिक्षाविद रहे मौजूद

इस अवसर पर जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप, प्रदेश महासचिव संजय सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह पटेल और वाराणसी जिलाध्यक्ष ब्रह्मचारी पटेल मौजूद रहे। इसके अलावा बीएचयू के प्रोफेसर संजय कुमार, प्रोफेसर सतीश कुमार सिंह, डॉ. श्वेतांक मिश्र, डॉ. प्रवीण कुमार पटेल, डॉ. चंद्रभान सिंह पटेल, रमन सुनील कुमार सिंह, रामचंद्र सिंह तथा डॉ. श्वेता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी