home page

मीरजापुर : ’एक पेड़ मां के नाम’ से संवरा बीएचयू का दक्षिणी परिसर, 8 हजार पौधों से हरियाली का विस्तार

 | 
मीरजापुर : ’एक पेड़ मां के नाम’ से संवरा बीएचयू का दक्षिणी परिसर, 8 हजार पौधों से हरियाली का विस्तार


मीरजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में शनिवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण किया गया। विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से परिसर के विभिन्न हिस्सों में करीब 8,000 पौधे रोपे गए। अभियान का उद्देश्य परिसर को हरित बनाने के साथ जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह ने पौधरोपण कर किया। जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से पौधों सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई। अभियान में विश्वविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक और विद्यार्थी भी शामिल हुए। सभी ने पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन परिसर प्रभारी प्रो. डॉ. बीएमएन कुमार और पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. अमित राज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। समन्वय और संचालन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरभ करुणामय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अधिकारियों ने कहा कि बड़े पैमाने पर पौधरोपण से परिसर में हरित क्षेत्र बढ़ेगा और मृदा एवं जल संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा जैव विविधता संरक्षण को बल मिलेगा। अभियान ने विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन के बीच पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे संयुक्त प्रयासों को भी रेखांकित किया।

इस अवसर पर जिला खनन अधिकारी अभिषेक राय, वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी शेख मुअज्जम सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा