भदोही में पीआईबी की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला में फेक न्यूज पर मंथन, नशामुक्त भारत अभियान पर भी हुई चर्चा
-पत्रकारों को फैक्ट-चेकिंग व डिजिटल टूल्स की दी गई जानकारी
भदोही, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भदाेही जनपद में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) वाराणसी की ओर से मंगलवार को ज्ञानपुर में पत्रकारों के लिए एक दिवसीय ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में 9 वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 और नशामुक्त भारत अभियान को लेकर संवाद हुआ। भदोही क्षेत्र के 80 से अधिक पत्रकारों ने इसमें सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी बालगोविंद शुक्ल, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्राध्यापक बाला लखेंद्र, राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं पुनर्वास परामर्श समिति के सदस्य सुमित कुमार सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमरीश और कार्यक्रम संयोजक सीबीसी वाराणसी के सहायक निदेशक डॉ. लालजी ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि पोषण, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से केंद्र सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की तथ्यपरक जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। सीडीओ बालगोविंद शुक्ल ने संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और मां के दूध के महत्व पर जानकारी दी। वहीं विशेषज्ञों ने एनीमिया की रोकथाम, उचित पोषण और नशे के सामाजिक एवं स्वास्थ्य प्रभावों पर चर्चा की।
कार्यशाला में फेक न्यूज की पहचान, सूचनाओं के सत्यापन, फैक्ट-चेकिंग और डिजिटल टूल्स के प्रभावी इस्तेमाल पर भी पत्रकारों को जानकारी दी गई। पीआईबी फैक्ट चेक जैसे माध्यमों के उपयोग और खबरों के फॉलो-अप पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना संचार विभाग के डॉ लालजी और पीआईबी के प्रशांत कक्कड़ और वरिष्ठ पत्रकार संजय श्रीवास्तव एवं सूचना जिला सूचना अधिकारी अनिल सिंह मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल

