home page

बाराबंकी : 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, होंगे विविध आयोजन

 | 
बाराबंकी : 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, होंगे विविध आयोजन


बाराबंकी, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बाराबंकी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान में सेवा, सुशासन, जनकल्याण, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री कारागार सुरेश राही की अध्यक्षता में बुधवार काे निरीक्षण भवन में बैठक हुई। इसमें जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, सीडीओ पंकज वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा समेत अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से अभियान की शुरुआत होगी। ग्राम पंचायतों व नगरीय वार्डों में रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम और शाम सात बजे दीप प्रज्वलन होगा। विद्यालयों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण व स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी। सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां डिजिटल माध्यमों पर भी साझा की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी