home page

श्रावण मेला: एसडीएम ने महादेवा में दुकानदारों के साथ की बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

 | 
श्रावण मेला: एसडीएम ने महादेवा में दुकानदारों के साथ की बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं के दिए निर्देश


बाराबंकी, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में श्रावण मास में लोधेश्वर महादेवा मंदिर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्रावण मेले की तैयारियों के मद्देनज़र उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता ने गुरुवार काे महादेवा चौकी परिसर में स्थानीय दुकानदारों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मेले के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, खाद्य गुणवत्ता एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने कहा कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को लाखों कांवड़िये एवं श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए महादेवा पहुंचते हैं। ऐसे में मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान के बाहर डस्टबिन रखने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग न करने के निर्देश दिए।

विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार कटिया या खुले तार के माध्यम से बिजली का उपयोग न करे। सभी व्यापारी विद्युत विभाग से वैध अस्थायी कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। गैस चूल्हा, तंदूर अथवा अन्य ज्वलनशील उपकरणों का प्रयोग करने वाले दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। दुकानदारों से कहा गया कि किसी भी स्थिति में बासी अथवा दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री न करें। प्रत्येक दुकान पर मूल्य सूची (रेट लिस्ट) स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए तथा निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मेला क्षेत्र में अतिक्रमण न करने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।

बैठक में उपस्थित दुकानदारों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं नगर पंचायत की टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में क्षेत्राधिकारी रामनगर, थानाध्यक्ष फतेहपुर, चौकी प्रभारी महादेवा, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) सहित बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी