home page

बैंक कर्मियों ने बैज लगाकर मनाया मांग दिवस

 | 
बैंक कर्मियों ने बैज लगाकर मनाया मांग दिवस


मीरजापुर, 02 मई (हि.स.)। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में सरकारी बैंकों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में बैज लगाकर ‘मांग दिवस’ मनाया। इस दौरान बैंकिंग कार्य जारी रखते हुए कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया।

जिला संयोजक सुरेश पांडेय ने बताया कि निजी क्षेत्र के बैंकों को छोड़कर ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक सभी सरकारी बैंक शाखाओं में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बैंक कर्मियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है और कार्यरत कर्मचारियों व उच्च प्रबंधन के बीच भेदभाव पैदा करने की कोशिश कर रही है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि वे सरकार की इस नीति को सफल नहीं होने देंगे और अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे। उनकी प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से पीएलआई योजना का समाधान करना तथा एकतरफा निर्णय न लागू करना शामिल है।

इस दौरान इंडियन बैंक डंकीनगंज शाखा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा