मीरजापुर में सुखदरिया दरी में डूबे बैंक कर्मी का शव 18 घंटे बाद मिला, एसडीआरएफ ने किया बरामद
मीरजापुर, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखदरिया दरी जलप्रपात में डूबे निजी बैंक कर्मी अजय कश्यप का शव सोमवार को करीब 18 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया जबकि विकास झा का शव रविवार की शाम काे बरामद किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के तपोवन निवासी विकास झा और 32 वर्षीय अजय कश्यप उर्फ रिंकू अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ रविवार दोपहर सुखदरिया दरी में पिकनिक मनाने आए थे। शाम के समय जलप्रपात के कुंड में नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की, जिसमें रविवार शाम विकास झा का शव बरामद हो गया था, जबकि अजय कश्यप का कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह मीरजापुर से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने परिजनों की मौजूदगी में जलप्रपात के कुंड और आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने अजय कश्यप का शव कुंड से बरामद कर लिया। मृतक अजय कश्यप वाराणसी के वरुणा क्षेत्र स्थित आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्र ने बताया कि शव बरामद होने के बाद दोनों मृतकों के शव को अहरौरा थाने लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मीरजापुर भेज दिया गया। उन्होंने लोगों से बरसात के मौसम में जलप्रपात और गहरे जलाशयों में उतरने से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

