बांदा : कर्ज से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
बांदा, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा थाना क्षेत्र ग्रामीण के मजरा गया प्रसाद का पुरवा में रहने वाले युवक ने समूह से लिए एक लाख रुपये के कर्ज और उसकी अदायगी के लिए लगातार बनाए जा रहे दबाव से परेशान होकर बुधवार सुबह घर के कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय उसकी पत्नी मजदूरी करने गई थी। पिता को फंदे पर लटका देखकर बड़ी बेटी के शोर मचाने पर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। युवक को तत्काल नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अतर्रा ग्रामीण के मजरा गया प्रसाद का पुरवा निवासी ओमप्रकाश कुशवाहा (36) खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पास करीब 10 बिस्वा कृषि भूमि थी। परिजनों के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले उसने एक समूह संस्था से एक लाख रुपये का कर्ज लिया था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह समय से कर्ज की रकम जमा नहीं कर पा रहा था। इधर काफी समय से समूह के कर्मचारी उस पर लगातार रुपये जमा करने का दबाव बना रहे थे और कार्रवाई की धमकी दे रहे थे।
बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे ओमप्रकाश ने घर के कमरे में धन्नी के सहारे गमछे का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। उस समय उसकी पत्नी ममता मजदूरी करने गई थी। घर पर मौजूद बड़ी बेटी विभा ने पिता को फंदे पर लटका देखा तो घबरा गई और पड़ोस में रहने वाले परिजनों को सूचना दी। पारिवारिक भाई सुनील मौके पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा। आनन-फानन में उसे सीएचसी अतर्रा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा ने आरोप लगाया कि कर्ज की रकम जमा न कर पाने के कारण समूह के कर्मचारी लगातार उसे धमका रहे थे। उन्होंने बताया कि चार सितंबर को भी समूह के कर्मचारी घर आए थे और कार्रवाई कराने की धमकी दी थी। इसके बाद से वह काफी तनाव में था। परिजनों का कहना है कि लगातार बढ़ते दबाव से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। ओमप्रकाश अपने पीछे पत्नी और छोटे छोटे पांच बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें 04 पुत्रियां व एक पुत्र है। पत्नी ममता के आंखों के आंसू नहीं रुक रहे हैं और वह बार बार बेहोश हो जा रही थी।
कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा धमकाने या दबाव बनाने की तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

