वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरा होने पर हाफ मैराथन व युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
-युवाओं ने राष्ट्र रक्षा का लिया संकल्प
बलरामपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर के नगर तुलसीपुर में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में हाफ मैराथन, भव्य तिरंगा यात्रा तथा ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं का योगदान’ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कक्षा आठ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ सहभागिता की। हाफ मैराथन एवं तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। इसके बाद युवा जागरण मंच के अंतर्गत ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर युवा संवाद एवं प्रश्नोत्तर गोष्ठी आयोजित हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। युवा संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, करियर, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रश्न बेझिझक पूछे। आरएसएस कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रश्न पूछने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
हाफ मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष दस प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर परशुराम संस्कृत विद्यालय कक्षा 12 के विद्यार्थी रहे। द्वितीय अंशुमान (आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल, कक्षा नौ), तृतीय सौरभ यादव, चतुर्थ दिव्यांशु (संस्कृत विद्यालय, कक्षा नौ), पंचम दुर्गेश (कक्षा नौ), षष्ठम अक्षतार्या (कक्षा आठ), सप्तम अशोक मौर्या (कक्षा 10), अष्टम अरविंद (कक्षा 11), नवम गणेश (कक्षा नौ) तथा दशम शैलेश (कक्षा 11) रहे।
कार्यक्रम में जिला प्रचारक जितेंद्र, जिला कार्यवाह कृतमणि, नीलमणि, विभाग सेवा प्रमुख श्यामसुंदर, खंड कार्यवाह जसवंत, नगर कार्यवाह आलोक, नगर खंड विस्तारक सुशील कुमार, संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार, शिवकुमार, शिवम, अवधेश कुमार सहित अन्य स्वयंसेवक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

