home page

देश सेवा के लिए युवाओं के सपनों को लगेंगे पंख, एसएसबी ने शुरू किया 15 दिवसीय प्रशिक्षण

 | 
देश सेवा के लिए युवाओं के सपनों को लगेंगे पंख, एसएसबी ने शुरू किया 15 दिवसीय प्रशिक्षण


बलरामपुर, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में सेना, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं के माध्यम से देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए एसएसबी ने 15 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया है।

गुरुवार को ग्रामीण मिनी स्टेडियम इमिलिया कोडर पचपेड़वा में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा एसएसबी 9वीं वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय विशेष समर कैंप का शुभारंभ किया गया। शिविर 11 जून से 25 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 9 बजे तक चलेगा । इस दौरान पुलिस, सेना, एसएससी जीडी, होमगार्ड तथा अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शारीरिक दक्षता परीक्षण एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही उन्हें भर्ती प्रक्रियाओं, चयन मानकों तथा लिखित परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी जाएगी। एसएसबी के अनुभवी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के मूल्यों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में अनेक युवा अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। इस विशेष शिविर के माध्यम से युवाओं को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे विभिन्न सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।

शिविर के उद्घाटन पर युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ज्ञान बाबू तिवारी व एसएसबी 9वीं वाहिनी के सब इंस्पेक्टर, पीटीआई (फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर) तथा जवानों ने युवाओं को प्रशिक्षण की रूपरेखा और अनुशासन के महत्व की जानकारी दी। ग्रामीण अंचल में आयोजित इस पहल को युवाओं और अभिभावकों द्वारा सराहा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर न केवल युवाओं के भविष्य को नई दिशा देंगे, बल्कि उन्हें देश की सेवा के लिए प्रेरित भी करेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन