home page

ट्रक ने साइकिल से घर लौट रहे हाईस्कूल के छात्र काे राैंदा, मौत के बाद चालक फरार

 | 
ट्रक ने साइकिल से घर लौट रहे हाईस्कूल के छात्र काे राैंदा, मौत के बाद चालक फरार


बलरामपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के नगर तुलसीपुर में रेलवे स्टेशन रोड पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल के छात्र की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है । पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद फरार हो गया।

मृतक की पहचान थाना तुलसीपुर क्षेत्र के ग्राम रमवापुर निवासी बजरंगी के 13 वर्षीय पुत्र अरुण के रूप में हुई है। वह बसंत लाल इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। स्कूल की छुट्टी के बाद अरुण अपनी चचेरी बहन के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान तुलसीपुर रेलवे स्टेशन रोड पर मवाशी लाल शर्मा ट्रक बॉडी की दुकान के सामने पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। छात्र की असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया,

थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन