युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया उतरौला-बस्ती मार्ग जाम, विधायक ने की दो लाख रुपए की मदद की घोषणा
बलरामपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुरपुर के गैण्डास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के अहिरौला गांव में मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। युवक का अंतिम संस्कार न करने का निर्णय लेते हुए आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उतरौला-बस्ती मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। परिजन 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार की सुरक्षा, एक सदस्य को नौकरी तथा आरोपिताें पर गैंगस्टर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही सीओ उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम उतरौला, विधायक राम प्रताप वर्मा समेत उतरौला व गैण्डास बुजुर्ग थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। विधायक विधायक राम प्रताप वर्मा ने मृतक परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए शासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त करा दिया गया। इस दौरान तकरीबन एक घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।
परिजनाें के अनुसार 26/27 मई की रात अहिरौला गांव में घूमने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे जिसमें एक पक्ष के धनराज मौर्य, मीना देवी, हीरालाल मौर्य, सोहनलाल मौर्य और आकाश मौर्य भी मारपीट में घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल धनराज मौर्य को उपचार के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। धनराज के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनका ऑपरेशन किया गया था लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और 30 मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
30 मई की देर रात शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। रविवार को मांगों को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर बैठ गये।हालात की गंभीरता को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। घटना के संबंध में परिजन राजू मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मारपीट के बाद ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था,आज रविवार को फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया जा चुका है। न्यायालय भेजा जा रहा है। कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्ता, विधानसभा संयोजक सुधीर श्रीवास्तव, विकास गुप्ता, महेंद्र प्रताप सिंह, आयुष जायसवाल, रामगोपाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

