home page

विवाहिता ने पति, भाइयों के साथ मिल कर प्रेमी व उसके दोस्त को उतारा मौत के घाट, नहीं हुई थी हादसे मेें मौत, चारों गिरफ्तार

 | 
विवाहिता ने पति, भाइयों के साथ मिल कर प्रेमी व उसके दोस्त को उतारा मौत के घाट, नहीं हुई थी हादसे मेें मौत, चारों गिरफ्तार


बलरामपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में सोमवार को महराजगंज तराई क्षेत्र में हुई सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि यह हादसा नहीं सुनियाेजित हत्या कर हादसे का रूप देने की काेशिश की गयी थी। इस प्रकरण में पुलिस ने मंगलवार को हत्या में शामिल विवाहिता, पति, भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना स्थल से मृतक के मोबाइल का टूटा हुआ हिस्सा, एक माला तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मारे गये दाेनाें युवकाें में एक विवाहिता का प्रेमी दीपचंद उर्फ छोटू और दूसरा प्रेमी का दाेस्त मनोज था।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वादी प्रमोद पुत्र गिरवर निवासी ग्राम रमवापुर, थाना तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर द्वारा 13 अप्रैल को अपने भाई मनोज और पड़ोसी दीपचंद उर्फ छोटू की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने के संबंध में थाना महराजगंज तराई में लिखित तहरीर दी गई थी। इस आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। 14 अप्रैल को विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों एवं कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि यह सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपिताें की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया तथा मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान अभियुक्ता खुशबू वर्मा ने बताया कि उसका शादी से पूर्व दीपचंद उर्फ छोटू से उसका प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। इस कारण उसके पारिवारिक जीवन में तनाव बना रहता था। साथ ही दीपचंद के पास उसकी कुछ पुरानी तस्वीरें थीं, जिनके आधार पर वह उस पर दबाव बनाता था। इसी से परेशान होकर खुशबू ने अपने पति, भाई और चचेरे भाई के साथ मिलकर दीपचंद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत दीपचंद और उसके मित्र मनोज को गांव के बाहर बुलाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शवों को मोटरसाइकिल पर लादकर लौकहवा के सेवरहवा नाले के पास फेंक दिया गया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हो।

पुलिस ने इस मामले में अनिल कुमार पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम मध्यनगर, थाना तुलसीपुर, खुशबू वर्मा पत्नी अनिल कुमार, निवासी ग्राम मध्यनगर, थाना तुलसीपुर,अजय कुमार वर्मा पुत्र नंद कुमार वर्मा, निवासी ग्राम जैसिंहडीह, थाना तुलसीपुर, संतोष कुमार पुत्र सालिकराम वर्मा, निवासी ग्राम जैसिंहडीह, थाना तुलसीपुर को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन