home page

रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड लेकर लौटी बागपत की बेटी एथलीट तान्या चौधरी का सम्मान, ढोल नगाड़ाें के साथ निकाली गयी रैली

 | 
रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड लेकर लौटी बागपत की बेटी एथलीट तान्या चौधरी का सम्मान, ढोल नगाड़ाें के साथ निकाली गयी रैली


बागपत, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत की होनहार एथलीट तान्या चौधरी को रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड मिलने पर रविवार को केटी विंग द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। तान्या चौधरी बागपत जिले के गांधी गांव के रहने वाली है और उन्होंने अपने पिता की प्रेरणा से यह मुकाम हासिल किया है।

तान्या चौधरी काे ईस्टर्न पेरीफेरल से ढोल नगाड़ों के साथ सम्मानपूर्वक केटी स्टेडियम तक लाया गया। जहां उनका भगवान श्री राम की प्रतिमा भेंट की गई और फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद गांव फखरपुर में मुख्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि तान्या चौधरी ने भारत का प्रतिनिधित्व वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में जर्मनी और चीन में किया है। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें प्रदेश के प्रतिष्ठित रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया है। समारोह में केटी विंग के संस्थापक केटी भैया ने तान्या चौधरी को सम्मानित करते हुए कहा कि जिले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए ऐसे खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन देना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केटी विंग उभरते खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देता रहेगा। कार्यक्रम में तान्या चौधरी के पिता का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान दिनेश चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष जय किशोर, मित्तन पहलवान, सतपाल प्रधान, रामअवतार चेयरमैन, दिनेश त्यागी, नीरज त्यागी, विजय चौधरी, अंकित, आर.डी. उपाध्याय और दीपक धामा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी