home page

बागपत में सांप के काटने से किसान की मौत, सदमे में बड़े भाई ने भी तोड़ा दम

 | 
बागपत में सांप के काटने से किसान की मौत, सदमे में बड़े भाई ने भी तोड़ा दम


बागपत, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के किरठल गांव में मंगलवार को सांप के काटने से किसान की मौत हो गई। छोटे भाई की मौत की सूचना मिलते ही बड़े भाई को हार्ट अटैक हो गया जिसके चलते उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र के किरठल गांव में मंगलवार की है। गांव निवासी करीब 72 वर्षीय ओमपाल सिंह टिकरिया अपने खेत में सिंचाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सांप ने उनके पैर में काट लिया। परिजनों के अनुसार जहरीले सांप के काटने के तुरंत बाद उनकी हालत बिगड़ गई और शरीर में लकवे जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए बड़ौत ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर जैसे ही ओमपाल सिंह की मौत की सूचना मेरठ में रह रहे उनके बड़े भाई राजपाल सिंह को मिली, वह सदमे को सहन नहीं कर सके और उन्हें हृदयघात हो गया। परिजन उन्हें संभाल पाते कि इससे पहले ही उनकी भी मौत हो गई।

एक ही परिवार में दो सगे भाइयों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समस्त औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार उनकी जन्मस्थली किरठल में किया जाएगा। इस दुखद घटना पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह, डॉ. यशपाल सिंह, आईएएस अपूर्व कुमार सिंह, अशोक चौहान, विजय चौहान, ओमपाल पटवारी और सुरेंद्रपाल फौजी सहित अन्य लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी