home page

शिक्षक दिवस पर बागपत के 25 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित

 | 
शिक्षक दिवस पर बागपत के 25 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित


बागपत, 05 सितंबर (हि.स.)। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर बागपत जनपद में शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शनिवार को जिले के 25 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर स्थित राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के नवाचार, बेहतर शैक्षिक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नए प्रयोग अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म भी प्रदर्शित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव हैं। वे केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी भी विकसित करते हैं। हर छात्र की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ाना शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

सम्मान प्राप्त शिक्षकों ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि इससे उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वे भविष्य में और बेहतर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण समाज विकास केंद्र एनजीओ ने भी शिक्षकों को सम्मानित किया और बाल विवाह रोकथाम में उनकी भूमिका को अहम बताया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, डीआईओएस राजीव कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी