बागपत : मुबारिकपुर गांव के नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो अभियान को मिला जनसमर्थन
बागपत, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में नशा मुक्ति अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। जिले के गांव मुबारिकपूर में केटी भैया के नेतृत्व में आयोजित बैठक ने इस मुहिम को नई दिशा दे दी। चौपाल पर जुटे लाेगाें ने एक स्वर में नशे के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नशा सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि धीरे-धीरे जीवन और परिवार को खत्म करने वाली बीमारी है। कई ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नशे ने किस तरह घरों की खुशियां छीनी हैं। यह सुनकर मौजूद युवाओं में भी जागरूकता बढ़ी और उन्होंने नशे से दूर रहने की शपथ ली।
केटी भैया ने लोगों से आह्वान किया कि वे खुद जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “अगर गांव जागरूक हो जाएं, तो पूरा जिला अपने आप नशा मुक्त हो सकता है।” इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें जनभागीदारी के साथ प्रशासनिक सहयोग भी मिल रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणाम बताए जा रहे हैं और जरूरतमंदों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

