home page

बड़ी शीतला धाम में षष्ठी पूजन के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, डेढ़ लाख भक्तों ने टेका मत्था

 | 
बड़ी शीतला धाम में षष्ठी पूजन के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, डेढ़ लाख भक्तों ने टेका मत्था


मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में चैत्र नवरात्र की षष्ठी तिथि पर मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर चार बजे मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा।

मंदिर प्रशासन के अनुसार करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। भक्तजन नारियल, चुनरी, पुड़ी-हलुआ, पुआ और फूल-मालाएं लेकर कतारबद्ध होकर गर्भगृह तक पहुंचे और मां का दर्शन किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कोतवाल विजय शंकर सिंह, मेला प्रभारी उप निरीक्षक कुमार संतोष पुलिस व पीएसी बल के साथ मौके पर तैनात रहे और व्यवस्था संभालते नजर आए। मंदिर परिसर में दिनभर जयकारों की गूंज बनी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा