home page

नवरात्र के पहले दिन बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

 | 
नवरात्र के पहले दिन बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब


- मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए खुला मंदिर का कपाट, गंगा स्नान कर भक्तों ने किए दर्शन-पूजन

मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खोल दिया गया। इसके बाद गंगा स्नान कर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। हाथों में नारियल, लाल चुनरी, लड्डू, पेड़ा और फूल-माला लेकर श्रद्धालु ‘जय माता दी’ और ‘मां शीतला की जय’ के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए पहुंचे। माता का दरबार गेंदे और गुलाब के फूलों से सजाया गया था। पुजारियों ने विधि-विधान से पूजन, श्रृंगार और आरती की। नवरात्र में मां के दर्शन का विशेष महत्व होने के कारण दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। उप जिलाधिकारी अनेग सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक चुनार गायत्री यादव और प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह के निर्देशन में मेला प्रभारी एवं अदलपुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुमार संतोष पुलिस बल के साथ तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया, जिससे आवागमन सुचारु बना रहे।

गंगा किनारे स्थित इस धाम में नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक मेले जैसा माहौल रहेगा। पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा