home page

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा बदेवरानाथ धाम, जलाभिषेक को उमड़े हजारों श्रद्धालु

 | 
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा बदेवरानाथ धाम, जलाभिषेक को उमड़े हजारों श्रद्धालु


मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। पुरुषोत्तम मास के अंतिम सोमवार और सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर मीरजापुर जिले के छानबे क्षेत्र के बदेवरा चौबे गांव स्थित प्राचीन बाबा बदेवरानाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही श्रद्धालु मां गंगा का पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

साेमवार काे मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा। इस अवसर पर बाबा बदेवरानाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। भांग, धतूरा, बेलपत्र, शमी पत्र, बेला, चमेली, गेंदा और गुलाब के फूलों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। आरती और पूजन के साथ आकर्षक झांकी भी सजाई गई, जिसने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंदिर के पुजारी महेंद्र गिरी ने बताया कि सोमवती अमावस्या के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंदिर परिसर के दक्षिण स्थित देव वृक्ष पीपल की परिक्रमा कर कच्चा सूत बांधा और परिवार की सुख-शांति एवं अखंड सौभाग्य की कामना की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि गर्भगृह में दर्शन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं, शोहदों और उचक्कों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। मेला क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता विशाल पांडेय द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी तथा हलवा-पूड़ी वितरण की व्यवस्था की गई, जिसकी भक्तों ने सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा