बाबा अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं का स्वागत
औरैया, 02 जुलाई (हि. स.)। समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया के बैनर तले गुरुवार को बाबा अमरनाथ धाम की पावन यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं का श्रद्धा एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में फूलमती मंदिर, औरैया से रेल मार्ग द्वारा गोमती एक्सप्रेस से प्रस्थान कर रहे श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों के जत्थे को भावभीनी विदाई दी गई। इस दाैरान समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, मोती माला पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर उनका स्वागत किया। उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की गई।
समिति के संस्थापक “औरैया रत्न” आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी समिति द्वारा बाबा अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत एवं अभिनंदन का आयोजन किया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

