home page

आजमगढ़ में होली पर्व पर 3600 पुलिसकर्मियों की तैनाती : एसपी ग्रामीण

 | 
आजमगढ़ में होली पर्व पर 3600 पुलिसकर्मियों की तैनाती : एसपी ग्रामीण


आजमगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में होली पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ त्योहार संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। 3600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने शनिवार को बताया कि इस वर्ष जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर कुल 3593 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इनमें से लगभग 300 स्थानों को संवेदनशील और अति संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है। इन सभी स्थानों का पुलिस और राजपत्रित अधिकारियों ने निरीक्षण कर लिया है। स्थानीय स्तर पर आपसी समन्वय के माध्यम से समस्याओं का पहले ही निस्तारण करा लिया गया है।

होली के मौके पर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 3600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पूरे जनपद को तीन सुपर जोन और छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पुलिस और पीएसी की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इसके साथ ही चिन्हित स्थानों पर डायल 112 के वाहन भी तैनात किए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित हो सके। पुलिस लाइन से 50 थाना मोबाइल, 6 सर्किल मोबाइल और दो कंपनी पीएसी की अतिरिक्त तैनाती भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान