आयुष विभाग के शिविर में 145 लोगों ने लिया लाभ
फिरोजाबाद, 25 मई (हि.स.)। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जौंधरी के बैनर तले क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शरद वर्मा के निर्देशन में आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम महराजपुर में सोमवार को एक विशाल आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस आउटरीच शिविर में कुल 145 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया, जिनमें 101 पुरुष एवं 44 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर में 73 बुजुर्ग लाभार्थियों को विशेष रूप से स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक औषधियां प्रदान की गईं।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ग्रीष्म ऋतु में होने वाले रोगों, लू से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को ग्रीष्म ऋतु में विशेष सावधानियां बरतने, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने, संतुलित एवं सुपाच्य भोजन ग्रहण करने और अत्यधिक धूप से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया गया कि गर्मी के मौसम में लापरवाही बरतने से डिहाइड्रेशन, लू, सिरदर्द, उल्टी, त्वचा रोग एवं अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय पर उचित खान-पान एवं दिनचर्या अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
शिविर में रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से संबंधित रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में कुल 13 मधुमेह एवं 7 उच्च रक्तचाप के रोगी चिन्हित किए गए।
योग सत्र के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं मन शांत रहता है। अनेक रोगों से बचाव संभव है। उपस्थित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योग गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम में चिकित्साधिकारी डॉ. दुर्गेन्द्र सिंह एवं डॉ. साक्षी कनौजिया उपस्थित रहे। कर्मचारी दुर्वेश पाल सिंह ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार एवं योग प्रशिक्षिका कुमारी अंजना द्वारा योग सत्र का संचालन किया गया। अंत में चिकित्साधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित योग करने की अपील की।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

