home page

औरैया : आयुष आपके द्वार शिविर में 107 मरीजों का हुआ उपचार

 | 
औरैया : आयुष आपके द्वार शिविर में 107 मरीजों का हुआ उपचार


औरैया, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय हैदरपुर की ओर से विकासखंड अजीतमल के महाराजपुर में आयुष आपके द्वार आउटरीच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन होत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के निर्देशन में किया गया।

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय हैदरपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा एवं समस्त स्टाफ ने ग्रामीणों को बदलते मौसम के अनुसार दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार और उचित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। चिकित्साधिकारी ने मौसम में बदलाव के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।

शिविर में मुख्य रूप से त्वचा रोग, उदर रोग, मधुमेह, हृदय रोग, श्वास-कास एवं अतिसार आदि रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सा परामर्श दिया गया। मरीजों को तीन से पांच दिन की औषधियां निशुल्क प्रदान की गईं। शिविर में कुल 107 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।

औषधि वितरण का कार्य फार्मासिस्ट रामप्रकाश ने किया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नरेंद्र कुमार, आउटसोर्सिंग कर्मचारी आकाश तथा स्थानीय निवासी बृजराज बिहारी का शिविर के आयोजन में विशेष सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार