home page

आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र मिलने पर 137 लाभार्थियों के चेहरे खिले

 | 
आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र मिलने पर 137 लाभार्थियों के चेहरे खिले


फिरोजाबाद, 05 फ़रवरी (हि.स.)।मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में विकासखंड अरांव में गुरुवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम में विकास की मुख्य धारा से वंचित 137 पात्र लाभार्थियों को उनके स्वयं के पक्के आवास के स्वीकृति प्रमाण पत्र सौंपे गए। प्रशासन की ओर से दी गई इस सौगात ने लाभार्थियों के जीवन में खुशियों का संचार कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत रहे। उन्होंने संयुक्त रूप से सुषमा देवी, मीना, रनवीर सिंह, नीतू, सालमती आदि लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें नए घर की बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, सर पर पक्की छत होने से न केवल परिवार सुरक्षा महसूस करेगा, बल्कि समाज में उनका सम्मान भी बढ़ेगा। जब लाभार्थियों के हाथों में उनके अपने घर का प्रमाण पत्र आया तो उनके चेहरों पर खुशी झलक रही थी। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी रमेश रंजन का इस अवसर पर धन्यवाद अर्पित किया।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी शिव गोविंद सिंह, सहायक विकास अधिकारी राजेश कुमार समस्त पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़