home page

मीरजापुर : ऑटो पलटने से चार माह की मासूम की मौत, कई यात्री घायल

 | 
मीरजापुर : ऑटो पलटने से चार माह की मासूम की मौत, कई यात्री घायल


- कलवारी से पहले अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा वाहन, बच्ची के ऑटो के नीचे दबने से गई जान

मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के कलवारी से पहले शनिवार को अनियंत्रित होकर ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से चार माह की मासूम फातिमा की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

लालगंज निवासी नसीम परिवार के साथ ऑटो से कलवारी जा रहे थे। रास्ते में कलवारी पहुंचने से पहले अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चार माह की फातिमा वाहन के नीचे दब गई, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। ऑटो पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मशक्कत कर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से दब गई मासूम फातिमा को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मासूम की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

इस संबंध में मड़िहान थानाध्यक्ष नवीन तिवारी ने बताया कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया था। हादसे में चार माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा