स्वस्थ रहने के लिए नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या जरूरी
औरैया, 23 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में रविवार को योग वैलनेस सेंटर के तत्वाधान में स्थानीय ब्लॉक परिसर में योग साधकों एवं इच्छुक स्वास्थ्य प्रेमियों को सहज और स्वस्थ जीवन के लिए विभिन्न योगाभ्यास कराए गए।
वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग वैलनेस सेंटर के प्रभारी योगेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि सहज स्वस्थ रहने के लिए नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास सही विधि से करने की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
याेग के दौरान सूक्ष्म व्यायाम के क्रम में अर्ध ताड़ासन, नमस्कार मुद्रा, कमर एवं गर्दन संचालन तथा चक्की चालन का अभ्यास कराया गया। इसके उपरांत साधकों को तितली आसन और भद्रासन का अभ्यास कराते हुए इनके लाभों की जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को सक्रिय रखने के साथ ही मानसिक तनाव को कम करने और दिनचर्या को संतुलित बनाए रखने में सहायक होता है।
कार्यक्रम के दौरान शरीर की थकान दूर करने के लिए लुट-लुटी आसन के बारे में भी जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक ने आसन को करने की विधि समझाते हुए इसके लाभ बताए और साधकों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

