home page

औरैया के युवक की दिल्ली में मौत, इकलौते बेटे का शव देख मां हुई बेसुध

 | 
औरैया के युवक की दिल्ली में मौत, इकलौते बेटे का शव देख मां हुई बेसुध


औरैया, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाला एक युवक गुरुग्राम में काम करता था। बीते सोमवार को काम करते समय उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान युवक की दिल्ली के अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई। परिजन बुधवार को मृतक युवक के शव को लेकर पहुंचे तो गांव में विधवा मां बेसुध हो गई।

बताया जा रहा है कि सुदनीपुर गांव में रहने वाला विकास (26) के पिता कल्लू सिंह का करीब 28 वर्ष पहले निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद विकास ही अपनी मां का इकलौता सहारा था। वह गुरुग्राम में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

सोमवार को अचानक विकास की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालत में सुधार न होने पर उसे दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी सांसे ने थम गई। बुधवार को जब बुजुर्ग मां का इकलौता सहारा बेटे विकास का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गईं।

मृतक के चचेरे भाई ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान पूरा गांव शोक में डूबा रहा। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। विकास की असमय मौत से गांव में मातम है। मामले में अजीतमल थाना पुलिस का कहना है कि मृतक युवक के परिवारीजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार