home page

संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; दो हिरासत में

 | 
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; दो हिरासत में


औरैया, 03 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पढ़ीन में 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पड़ोसी गांव के कुछ लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव पढ़ीन निवासी रोहित (19) मंगलवार को गांव के बाहर स्थित तिराहे पर अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठा था। पुलिस के मुताबिक पुराने लेनदेन को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। विवाद के बाद रोहित अपने घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।

कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजन रोहित को उपचार के लिए कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

बुधवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर आरोप लगाया कि रोहित की मारपीट कर हत्या की गई है। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रोहित की मौत की खबर मिलते ही महाराष्ट्र में काम कर रहे उसके पिता जितेंद्र घर लौट आए। रोहित अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

वहीं सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार