पत्नी से विवाद के बाद युवक ने यमुना पुल से लगाई छलांग, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
औरैया, 23 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक ने गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे यमुना नदी पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान दीपक कुमार पुत्र कृष्ण कुमार, निवासी थाना कुठौद, जनपद जालौन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी देवकली अपनी पुलिस टीम के साथ यमुना पुल पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवक को सुरक्षित स्थान पर लाकर उसकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कराई गई। पुलिस ने घटना की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पत्नी से हुए विवाद के बाद आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है। उसके परिजनों को बुला लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

