home page

किशोर ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी

 | 
किशोर ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी


औरैया, 14 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सेऊपुर में सोमवार देर रात एक 15 वर्षीय किशोर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

गांव निवासी चंद्रभान राजपूत का 15 वर्षीय पुत्र कोमल राजपूत सोमवार रात अपने कमरे में था। देर रात जब परिजनों ने उसे देखा तो वह दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम छा गया।

मृतक के पिता चंद्रभान राजपूत ने रात करीब 11 बजे डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम और पाता चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पाता चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। फिलहाल परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार