औरैया : योग से शरीर का संतुलन और मन को शांत रखने की दी जानकारी
औरैया, 19 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार के तहत संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से शनिवार को औरैया जनपद के ब्लॉक परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इसमें योग साधकों के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों, बच्चों और बुजुर्गों ने सहभागिता की।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. निधि शुक्ला और राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की प्रभारी डॉ. परवीन के मार्गदर्शन में योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग-प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने साधकों को आयु और शारीरिक अवस्था के अनुसार सूक्ष्म व्यायाम कराते हुए शरीर का संतुलन बनाए रखने और मन को शांत रखने के तरीके बताए।
इस दौरान पेट और पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। उत्तानपादासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, शलभासन, धनुरासन, भुजंगासन, त्रियक भुजंगासन और वज्रासन आदि करने की विधि तथा उनसे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान के महत्व को भी समझाया गया।
योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि योग वैलनेस सेंटर में बीते आठ वर्षों से प्रथम एवं द्वितीय सत्र में आने वाले स्वस्थ और अस्वस्थ लोगों को सहज रूप से स्वस्थ रहने की कला के साथ सामूहिक योगाभ्यास कराया जा रहा है। ओपीडी के तहत शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों से जूझ रहे महिला, पुरुष और बच्चों को भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाती है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर लोगों को अपनी दिनचर्या में योग और प्राकृतिक जीवनशैली को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

