home page

योगाभ्यास से शरीर और मन को स्वस्थ रखने के बताए उपाय

 | 
योगाभ्यास से शरीर और मन को स्वस्थ रखने के बताए उपाय


औरैया, 10 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रीय आयुष मिशन द्वारा संचालित योग वैलनेस सेंटर, औरैया में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से गुरुवार को स्थानीय ब्लाक परिसर में निःशुल्क सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। वरिष्ठ योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने योग साधकों को आयु के अनुसार सूक्ष्म व्यायाम करने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की अकड़न और जकड़न से राहत मिलती है तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिलती है।

विशेष सत्र में मंडूकासन, उत्तान मंडूकासन और वक्रासन का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को आसनों को करने की सही विधि और उनके लाभ बताए। उन्होंने शरीर और मन को शांत रखने के लिए नियमित योगाभ्यास करने पर जोर दिया।

द्वितीय सत्र में योग वैलनेस सेंटर पहुंचने वाले मरीजों को गलत खानपान और असंयमित दिनचर्या से होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। कब्ज, थकान, मुंह के छाले, अतिसार, अजीर्ण और अनिद्रा जैसी समस्याओं से बचाव के लिए संतुलित खानपान व संयमित दिनचर्या अपनाने की जानकारी दी गई।

इस दौरान योग प्रशिक्षक ने लोगों को स्वस्थ रहने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार