home page

संयमित जीवनशैली से ही शरीर और मन रहेंगे स्वस्थ : योगेंद्र मिश्र

 | 
संयमित जीवनशैली से ही शरीर और मन रहेंगे स्वस्थ : योगेंद्र मिश्र


औरैया, 25 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया की ओर से मंगलवार को सुबह ब्लॉक परिसर में योग साधकों को सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान साधकों ने सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

योग इंस्ट्रक्टर एवं योग वैलनेस सेंटर के प्रभारी योगेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि शरीर और मन को सहज एवं शांत रखने के लिए आसन, प्राणायाम और ध्यान महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल खान-पान पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवनशैली में संयम और नियमितता भी जरूरी है। जब तक व्यक्ति सहज भाव से स्वयं को संयमित नहीं रखेगा, तब तक शारीरिक और मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ रहना कठिन है।

उन्होंने कहा कि शरीर और मन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। दोनों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए शांत और सकारात्मक रहने से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रख सकता है। नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, शरीर में स्फूर्ति बनाए रखने तथा मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में सहायक है।

योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि योग वैलनेस सेंटर की ओर से पिछले आठ वर्षों से लगातार निःशुल्क योग शिविर की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन शिविरों का हजारों लोग लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और स्वस्थ जीवन के लिए संयमित जीवनशैली अपनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार