औरैया: योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, 24 मरीजों को मिला परामर्श
औरैया, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया की ओर से मंगलवार को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रथम सत्र में स्थानीय तिलक स्टेडियम परिसर में योग साधकों के साथ युवाओं एवं युवतियों को योग और व्यायाम के महत्व की जानकारी दी गई।
योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने सूक्ष्म व्यायाम के साथ वक्रासन, भुजंगासन और मंडूकासन का अभ्यास कराया। इसके अलावा युवा साधकों को मेंढ़क चाल का तरीका और उसका अभ्यास भी कराया गया।
योग प्रशिक्षक ने कहा कि नियमित योग एवं व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर व्यक्ति सहज रूप से स्वस्थ रह सकता है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी सहायक है।
द्वितीय सत्र में योग वैलनेस सेंटर पर कुल 24 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया गया, जिसमें 19 नवीन और पांच पुराने मरीज शामिल रहे। इनमें 13 पुरुष और 11 महिलाएं थीं। बरसात के मौसम में पाचन तंत्र प्रभावित होने से लोगों में गले में खराश, खांसी और छाती में दर्द सहित अन्य समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
इस दौरान मरीजों को खानपान में सुधार, दिनचर्या को व्यवस्थित रखने और मौसम के अनुरूप जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित खानपान, नियमित दिनचर्या और योग को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जीवनचर्या में छोटे-छोटे सुधार कई बीमारियों से बचाव में सहायक हो सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

