home page

शहीद पार्क से निकली तिरंगा यात्रा, युवाओं में दिखा देशभक्ति का जोश

 | 
शहीद पार्क से निकली तिरंगा यात्रा, युवाओं में दिखा देशभक्ति का जोश


औरैया, 13 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में गुरुवार को शहर के शहीद पार्क से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक गुड़िया कठेरिया मौजूद रहीं। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती भी यात्रा में शामिल हुए। अधिकारियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तिरंगा देश के गौरव, एकता और वीरों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता बनाए रखने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, सौरभ भूषण शर्मा, पूर्व सैनिक अविनाश अग्निहोत्री, अनिल चतुर्वेदी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार