टेट की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग के लिए सांसद को सौंपा ज्ञापन
औरैया, 19 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने रविवार काे शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर इटावा लोकसभा क्षेत्र के सांसद जितेंद्र दाेहरे को ज्ञापन सौंपा। प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन में शिक्षकों ने टेट की अनिवार्यता समाप्त कर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यावहारिक और सरल बनाने की मांग की।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री अरविंद राजपूत ने बताया कि ज्ञापन में कहा गया है कि टेट की अनिवार्यता के कारण अनेक योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थी शिक्षक बनने से वंचित रह जाते हैं। शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन केवल एक परीक्षा के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि शिक्षण अनुभव, कार्यकुशलता, विषय ज्ञान और व्यवहारिक दक्षता को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष दीपक दुबे, आनंद दीक्षित सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अपनी मांग दोहराते हुए सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

