home page

बेटे के सुसाइड नोट में तीन ग्रामीणों पर आरोप, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

 | 
बेटे के सुसाइड नोट में तीन ग्रामीणों पर आरोप, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज


औरैया, 31 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित हैदरपुर गांव निवासी ऋषभ कुमार की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता सर्वेश कुमार ने तीन ग्रामीणों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना अयाना में तहरीर दी है। पिता का आरोप है कि आरोपितों की प्रताड़ना और परिवार को जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर उनके बेटे ने आत्महत्या की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई तहरीर में सर्वेश कुमार ने बताया कि बीती 18 अक्टूबर को उनकी पत्नी सोनी अपनी करीब 10 वर्षीय बेटी दिव्यांशी के साथ घर पर अकेली थीं। रात करीब नौ बजे गांव के ही अजब सिंह उनका पुत्र शिवा और सर्वेश ने घर में तोड़फोड़ और हमला किया था। आरोप है कि आरोपितों की नियत उनकी बेटी के साथ अभद्रता करने और जान से मारने की थी।

इस संबंध में उन्होंने लिखित शिकायत उच्चाधिकारियों को डाक के माध्यम से भेजी थी, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

पिता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपित पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देते रहे। इसी बात को लेकर उनका बेटा ऋषभ कुमार मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। 28 अक्टूबर की रात उसने अपने ननिहाल गांव कंवरदेवपुर, थाना अयाना क्षेत्र में आत्महत्या कर ली।

घटनास्थल से पुलिस को ऋषभ का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने उपरोक्त तीनों लोगों पर आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता ने आरोपितों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।

अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में शेष कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार