home page

औरैया : चीनी के बढ़ते दामों से आम जनता परेशान, प्रशासन से निगरानी की मांग

 | 
औरैया : चीनी के बढ़ते दामों से आम जनता परेशान, प्रशासन से निगरानी की मांग


औरैया, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में त्योहारों का सीजन अभी दूर है, लेकिन चीनी के दामों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ने लगी है। स्थानीय बाजार में दुकानदारों ने चीनी की बढ़ी कीमत वसूले जाने की जानकारी सामने आ रही है। अचानक बढ़े दामों को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बाजार में चीनी की कीमत करीब 3150 रुपये प्रति बोरी थोक और 65 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम फुटकर तक पहुंचने की जानकारी मिल रही है। हालांकि, बाजार में वास्तविक कीमतों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित विभाग की ओर से थोक और फुटकर विक्रेताओं के यहां जांच किया जाना जरूरी है।

स्थानीय निवासी वरिष्ठ पत्रकार हरेंद्र राठौर, उदयवीर, शिक्षक रवि सेंगर और समाजसेवी अजयत तिवारी ने शनिवार को बताया कि यदि अभी से चीनी के दामों में इस तरह बढ़ोतरी हो रही है तो आगामी त्योहारों के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से चीनी के स्टॉक, थोक विक्रेताओं और फुटकर दुकानदारों की बिक्री दरों की जांच कर प्रभावी निगरानी की मांग की है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि किसी दुकानदार द्वारा निर्धारित अथवा प्रचलित बाजार दर से अधिक कीमत वसूली जा रही है तो संबंधित विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। इससे ग्राहकों से अनावश्यक रूप से अधिक कीमत वसूलने पर रोक लग सकेगी।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में चीनी की उपलब्धता, थोक और फुटकर भाव तथा स्टॉक की स्थिति की नियमित निगरानी कराई जाए, ताकि कृत्रिम महंगाई या जमाखोरी की स्थिति पैदा न हो। वहीं, चीनी के बढ़े दामों को लेकर उपभोक्ताओं की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। मामले में जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी का कहना है कि स्टॉकिस्टों की जांच करते हुए चीनी की कालाबाजारी की रोकथाम के लिए टीमें लगाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार