home page

औरैया : सपा प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर तैयारियां तेज

 | 
औरैया : सपा प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर तैयारियां तेज


12 सितंबर को औरैया आएंगे श्यामलाल पाल, सांई मंदिर में होगा पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन

औरैया, 09 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल 12 सितंबर को औरैया आएंगे। उनके दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर शहर के सांई मंदिर परिसर में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें जनपद भर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बूथ स्तर के बीएलए भी शामिल होंगे।

यह जानकारी सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल सुबह करीब 10 बजे औरैया पहुंचेंगे। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक वह स्थानीय कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, बूथ स्तर की तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद शहर के सांई मंदिर परिसर में विशाल पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी। साथ ही जनपद के वरिष्ठ पदाधिकारियों और बूथ स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे बीएलए की मौजूदगी भी रहेगी।

जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों और संगठन की रणनीति से अवगत कराया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक मदन गौतम, सुमन दिवाकर, राजकुमार गौतम, बड़े गौर, ओके चौधरी, हरीशंकर दिवाकर, धीरेन्द्र दोहरे, लालता प्रसाद शंखवार, हरीशंकर यादव, राम रतन दोहरे सहित कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार